मेरे ब्लॉग परिवार के सदस्य

रविवार, 17 जनवरी 2010

............शोर ही मह्फ़िल में रह गया

ग़ज़ल
_____________________
नगमा जो प्यार का था,मेरे दिल में रह गया
दह्शत्गरी का शोर ही महफ़िल में रह गया

इक सिम्त खाई , दूसरी जानिब कुआँ अमीक़
हिन्दोस्ताँ तो आज भी मुश्किल में रह गया

है सच पे झूठ ,झूठ पे सच की कई परत
मैं तो उलझ के बस हक़ो बातिल में रह गया

जो भी परिन्द चहका ,क़फ़स बन गया नसीब
ख़ुशियों का राग , नालए बिस्मिल में रह गया

जो मेरे हमसफ़र थे वो आगे निकल गए
मैं अपनी ख्वाहिशों की सलासिल में रह गया

बेदार कर रहा था जो बातों से इल्म की
बे दस्तो पा,वो हलकै क़ातिल में रह गया

थी आरज़ू लबों पे तबस्सुम बिखेर दूं
अरमान घुट के ये भी मेरे दिल में रह गया

नग़मा = गाना ,अमीक़ =गहरा ,हक़ो बातिल =सच झूठ ,क़फ़स =जेल ,
नालाए बिस्मिल =sad song , सलासिल =ज़ंजीर , बेदार =जगाना , 
बे दस्तो पा =मजबूर ,हल्क़ा= घेरा , शिकंजा





रविवार, 10 जनवरी 2010

इस ग़ज़ल के साथ हाज़िर ए  ख़िदमत हूँ अगर आप लोगों को पसंद आई तो समझूँगी मेरी मेहनत कामयाब हो गयी 
ग़ज़ल
__________________
सुकूँ की ,प्यार की,दोनों जहाँ की बात करें 
क़वी इरादों की पीरो जवाँ की बात करें 
उलट दें आज बिसातें सभी सियासत की 
मफादे मुल्क की इल्मे नेहाँ की बात करें 
हम अपने मुल्क के बच्चों से चंद सा'अत ही 
वतन से प्यार की अम्नो अमाँ की बात करें 
सबक़ हम उन को दें तहज़ीब का ,शराफ़त का,
शिकायतों की न सूदो ज़ियाँ की बात करें 
जेहादे नफ्स से बढ़कर कोई जेहाद नहीं
न ख़ाको खूँ की न तीरो कमां की बात का
           
क़वी =मज़बूत ,                  सा'अत = क्षण 
पीर =वृद्ध                             
मफ़ाद = फ़ायेदा                सूदो ज़ियाँ =लाभ हानि
नेहाँ  =छिपा हुआ                  तहज़ीब = संस्कृति 





रविवार, 3 जनवरी 2010

                                                                       ग़ज़ल
___________________
पूछा किसी ने जा के कभी उस ग़रीब से
लड़ता है कैसे कैसे वो अपने नसीब से 
चोरी है ,रहज़नी है, धमाके हैं ,मौत है 
हालात कैसे होने लगे हैं मुहीब से 

मख्दूश रिश्ते सारे ज़माने के हो गए 
बीमार खौफ़ खाने लगे हैं तबीब से 

बिखरी हैं ख़ाक ओ खून में लाशें यहाँ वहाँ 
लटके हुए हैं हम भी कहीं इक सलीब से 

दहशतगरों ने फूँक दिए कितने शाख़ ओ गुल
नगमा सराई छीन गए   अंदलीब से 

ऐ दुश्मनाने कौम यतीमों की लो न आह
ख़ुशियाँ न रूठ जाएँ तुम्हारे नसीब से

ये एक पुरानी ग़ज़ल है न जाने क्यों आज दिल चाहा कि इसे पोस्ट करूँ शायद आप लोगों को पसंद आये
मुहीब=डरावने , मख्दूश =संदेहास्पद , तबीब = चिकित्सक , सलीब =सूली , नगमा सराई = गाना , अंदलीब = बुलबुल , दुश्मनाने कौम =कौम के दुश्मन    

सोमवार, 21 दिसंबर 2009

ग़ज़ल
____________________
क्या कहूं कि क्या  बयां पहले हुआ
कुछ यहाँ और कुछ वहां पहले हुआ

मैं ने यकजहती की इक  कोशिश ही की
मेरा साथी बदगुमां पहले हुआ

थी सई जज़्बात पर क़ाबू रहे
पर वो आँखों से रवां पहले हुआ

दुश्मनों से क्या शिकायत हो अगर
दोस्त ही शोला बयां पहले हुआ

अब तो जन्नत दूर मुझ से हो गयी
"क्यों न एहसासे ज़ियाँ पहले हुआ "

जो छिपाना चाहता था उस से मैं
राज़ उस पर ही अयाँ पहले हुआ

मुल्क टुकड़ों में बँटा जाता है ये
ज़ख्म का दरमाँ कहाँ पहले हुआ ?

खौफ़ का माहौल हर सू है 'शेफ़ा'
हाथ में तीर ओ कमां पहले हुआ
_________________________________

यकजहती=एकता , सई =कोशिश ,शोलाबयाँ =नाराज़
ज़ियाँ =हानि, अयाँ =प्रकट ,दरमाँ =इलाज
खौफ़ =डर

मंगलवार, 15 दिसंबर 2009

     एक कविता वीरों के नाम
______________________________

आज संसद में बड़ी शान से जो बैठे हैं
लेके चेहरों पे हंसी और चमक बैठे हैं
आज वे भूल गए जबकि हुआ था हमला
आज वे भूल गए कैसे बची जाँ उनकी
आज वे भूल गए घुस गए होते उस दिन
लेके हथियारों का अंबार अगर आतंकी

न बचा होता कोई नामो निशाँ भी उनका
आज बाक़ी न बची होती ये चेहरों पे हंसी
पायी उन वीरों ने जब वीरगति सब थे दुखी
आज ये याद नहीं नाम थे क्या क्या उनके
उनके बच्चों का नहीं कोई सहारा बाक़ी
बूढ़े माँ बाप की आँखों में है दरिया बाक़ी
आज इतना भी नहीं वक़्त कि फूल उन पे चढ़ाएं
आज इतना भी नहीं वक़्त कि हम मौन रखें
गर ये बर्ताव रहा देश के नेताओं का
गर ये बर्ताव रहा देश के दिलवालों का
फिर कभी देश के बच्चों से न आशा रखना
क्योंकि नेता  तो दिखायेंगे तमाशा अपना
फिर हमें वीर नहीं कोई बचा पायेगा
हम को तो स्वार्थ का दानव ही निगल जायेगा
आत्मा अपनी जगाने की ज़रुरत है हमें
फूल आदर के चढ़ाने की ज़रुरत है हमें

___________________________________________

अभी कल ही एक ग़ज़ल ब्लॉग पर लिखी गयी है लेकिन आज अगर ये न लिखी जाती तो समसामयिक न रह जाती ,अभी १३ दिसम्बर को गुज़रे दो ही दिन हुए हैं ,यादें ताज़ा हो गयी हैं .





सोमवार, 14 दिसंबर 2009

ghazal

ग़ज़ल
-___________________________
दिल में बुग्ज़ छिपा रक्खा है 
मुंह पर नामे   खुदा रक्खा  है 

कोई ना समझा उस ने दिल में 

कितना दर्द छिपा रक्खा है 


मद्दे मुक़ाबिल इस आंधी के 
रौशन एक दिया रक्खा है 

भाईचारा ख़त्म ना होगा 
आस का दीप जला रक्खा है 

कल क्या होगा इन फिकरों ने 
सब का चैन उड़ा रक्खा  है 

तुम क्या दहशत ख़त्म करोगे 
तुम ने ही तो जिला रक्खा है 

बच्चों को बंदूक़ें दे कर 
कैसा खेल सिखा रक्खा है 

उस ने ख़ुद्दारी की  ख़ातिर 
ख़ुद से भी पर्दा रक्खा है 

दिल में माज़ी की यादों का 
हम ने गाँव बसा रक्खा है

इल्म तिजोरी ऐसी जिस ने  
हर इक राज़ छिपा रक्खा है 

शिकवे रंजिश भूल भी जाओ 
इन बातों में क्या रक्खा है 

किसी को राहत दे कर देखो 
तुम ने नाम 'शेफ़ा' रक्खा है 




बुधवार, 9 दिसंबर 2009

एक ग़ज़ल पेशे ख़िदमत है .....................
ग़ज़ल
-___________________
आज का तिफ़्ल ओ जवाँ ही और है
ख्वाहिशों   की कहकशां ही और है

उन लबों पर मुस्कराहट है तो क्या
दिल में इक दर्दे नेहाँ ही और है

बेच कर आया हूँ मैं अपना ज़मीर
आज एहसासे ज़ियाँ ही और है

मैं तो जाहिल था, मुझे समझा गया
उस का अंदाज़े बयां ही और है

दिल की आँखों से वो सब देखा किया
उस का नाबीना जहाँ ही और है

शह्र के पुख्ता मकाँ हैं और घुटन
गाँव का कच्चा मकाँ ही और है

बिक गयी वो हिर्स के बाज़ार में 
मुफलिसी की ये फ़ुगां ही और है

जिस की स्याही में हो रंगे दुश्मनी
चार जानिब वो धुवां  ही और है

____________________________________________

तिफ़्ल  =बच्चा , कहकशां =मिल्की वे , नेहाँ =छिपा हुआ , ज़ियाँ=हानि , नाबीना =अँधा (अँधेरी दुनिया )
पुख्ता=पक्के , हिर्स =लालच , फ़ुगां =क्रंदन ,स्याही =कालिख ,जानिब =तरफ़ ,ज़मीर =अंतरात्मा .